बुधवार, 30 अक्टूबर 2013

स्टाइल की भी होती है उम्र

लोग कपड़े हमेशा अपनी पसंद और कंफर्ट के अनुसार ही पहनते हैं। लेकिन एक सर्वे बताता है कि महिलाएं केवल पसंद ही नहीं, अपनी उम्र के अनुसार भी कपड़े पहन रही हैं। कुछ लोग कहते हैं कि अब पचास की उम्र तीस के बराबर हो गई है, लेकिन कपड़ों के मामले में ब्रिटिश महिलाएं ऐसा नहीं सोचती हैं। इजमी डॉट कॉम के सर्वे के मुताबिक अब महिलाएं जैसे ही अपना 50वां जन्मदिन सेलिब्रेट करती हैं, उनका ड्रेसिंग स्टाइल भी पूरी तरह बदल जाता है। पचास की उम्र पार कर चुकीं स्टाइलिश्ा प्रेजेंटर केरॉल वॉरडरमैन का कहना है कि यह देखकर बड़ा दुख होता है कि औरतें पसंद से ज्यादा उम्र को तवज्जो देती हैं। इजमी डॉट कॉम के इस सर्वे में स्टाइल एम्बेसडर केरॉल ही थीं।
सर्वे में यह तथ्य सामने आया कि 10 में से 8 महिलाएं पचास के बाद अपना वॉर्डरोब पूरी तरह बदल लेती हैं।  इन महिलाओं में अपने स्टाइल को लेकर फोबिया हो जाता है। उन्हें लगता है कि वे पहले की तरह आकर्षक नहीं रही हैं और न ही उनका फिगर ऐसा है, जिस पर स्टाइलिश कपड़े अच्छे लगें। 26 प्रतिशत महिलाएं ऐसी पाई गईं, जिन्हें इस उम्र तक पहुंचकर हाई हील्स पहनने में भी हिचक महसूस होती है। केरॉल कहती हैं कि यह जानकर बहुत दुख हुआ कि उनकी उम्र की महिलाएं अपनी पसंद को छोड़कर ऐसे स्टाइल को अपनाती हैं, जो किसी खास उम्र के लोगों के लिए बने कपड़े हों। फैशन का मतलब होता है, ऐसे कपड़े पहनो जिसमें खुद अच्छा महसूस करो। साउथैम्प्टन में बतौर सेल्स असिस्टेंट लॉरा मैथ्यू, जिनकी उम्र 54 साल की है, मानती हैं कि कई महिलाएं उम्र के अनुसार कपड़े पहनने को बाध्य हो जाती हैं। जब वे पचास साल की हुई थीं, तब वे अजीबोगरीब कपड़े पहनने के बारे में सोचती थीं। उन्हें लगता था कि लोग कपड़ों से उन्हें परखने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अब उन्हें लगता है कि इस उम्र में भी महिलाओं को फैशनेबल कपड़े पहनने चाहिए। उनकी स्टाइल के बारे में लोग क्या सोचते हैं, इसका विचार छोड़कर वही पहनें, जो उन्हें पसंद हो।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें