शुक्रवार, 8 नवंबर 2013

ऑफिस के साथ तनाव भी करें मैनेज

महिलाएं ऑफिस और घरवालों की देखभाल करने में खुद के स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह हो जाती हैं। कार्यालय में काम के बोझ के कारण तनाव ज्यादा होता है, लाइफस्टाइल का नकारात्मक असर सबसे ज्यादा सेहत पर पड़ता है। खान-पान में पौष्टिक आहार की कमी के कारण तनाव होना लाजमी है। यदि आप नियमित दिनचर्या का पालन कर रही हैं तो काम के दौरान तनाव होने की आशंका कम होती है। इसके लिए जरूरी है मॉर्निंग वॉक और सुबह का नाश्ता। यदि आप इन तरीकों का पालन कर रही हैं तो ऑफिस में तनाव होने की आशंका भी कम होगी और आप फिट भी रहेंगी।
ब्रेकफास्ट करके जाएं
ऑफिस जाने की तैयारी कर रही हैं तो ब्रेकफास्ट करना बिल्कुल न भूलें। सुबह का नाश्ता न केवल आपका पहला आहार होता है बल्कि यह आपको पूरे दिन ऊर्जावान रखता है। सुबह के नाश्ते में पूड़ी, पराठा न लें, इससे आलस्य आता है। नाश्ते में दूध के साथ ब्राउन ब्रेड, जैम या थोड़ा-सा मक्खन, मैंगो शेक, स्प्राउट, दलिया, ब्रेड-अंडा, सैंडविच के साथ कॉफी ले सकते हैं।
काम के बीच ब्रेक
लगातार काम करने से बचें, काम के दौरान बीच में ब्रेक बहुत जरूरी है। लगभग 1 घंटे के बाद 10-15 मिनट का ब्रेक लीजिए। ब्रेक लेने से आपके दिमाग को आराम मिलता है और दोबारा काम करने के दौरान आलस नहीं आता। इसके अलावा यह आपको तनाव से भी बचाता है। इसलिए काम के बीच में ब्रेक बहुत जरूरी है।
थोड़ा सा टहलें
कुर्सी पर ज्यादा देर तक बैठने से तनाव या सिरदर्द हो रहा है तो कुर्सी छोड़कर थोड़ी देर टहलें। इस दौरान आप अपने ऑफिस  कैफेटेरिया, अपने कैबिन या फिर सहकर्मी  की सीट तक टहल सकते हैं। टहलने से शरीर में रक्त का संचार सुचारु तरीके से होता है। टहलने से आप ऊर्जावान रह सकते हैं। काम के बीच में टहलें।
संगीत सुनें
कार्यालय में यदि लगातार काम करने से आपको तनाव हो गया है तो कुछ देर तक आप अपना मनपसंद संगीत सुन सकते हैं। संगीत सुनने से आपके दिमाग को आराम मिलेगा और तनाव नहीं होगा। काम के दौरान संगीत सुनने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है जिससे दिमाग एकाग्र होता है। एकाग्र दिमाग से व्यक्ति अच्छा काम कर सकता है।
योग और व्यायाम
यह जरूरी नहीं कि आप योग और एक्सरसाइज सुबह या शाम के समय ही कर सकते हैं। सारा दिन कुर्सी पर बैठकर काम करने से शरीर की मांसपेशियों में खिंचाव आ जाता है और इससे तनाव भी हो सकता है। जब भी आप बोर हों या थकान महसूस करें तो स्ट्रेचिंग व्यायाम कर ताजगी ला सकते हैं। इसके लिए अपनी कुर्सी से पांच-दस बार उठ-बैठ सकते हैं। खड़े-खड़े दोनों हाथ ऊपर उठाकर पंजों के बल खड़े हो सकते हैं, कमर से दाएं-बाएं बाजुओं को घुमा सकते हैं।
थोड़ा फन भी
ऑफिस में गंभीर मुद्रा में काम न करें, हंसते और मुस्कुराते रहें, इससे आपका तनाव कम होगा साथ ही आपके साथियों का मूड भी अच्छा रहेगा। काम करते वक्त अपना चेहरा मुस्कुराते हुए रखें। बीच में अपने मित्र के साथ चैट कर लें, फनी वीडियोज देख लें, जोक्स आदि पढ़ लें। इससे आपका मूड अच्छा रहेगा और काम करने का मन भी करेगा क्योंकि ये सब चीजें तनाव दूर करती हैं।
पानी खूब पीएं
पानी पीना स्वास्थ्य के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद है, इससे शरीर फिट रहता है कई बीमारियां नहीं होती हैं। सिरदर्द और तनाव दूर करने के लिए खूब सारा पानी पीजिए। अधिकतर ऑफिस में एसी होते हैं इससे शरीर से प्राकृतिक नमी खत्म होने लगती है। उस नमी को बरकरार रखने के लिए दिन में थोड़ी-थोड़ी देर बाद पानी पीते रहें और दो-तीन बार ठंडे पानी से चेहरा धो लें। ऑफिस में फिट रहने के लिए भरपूर आराम भी जरूरी है, इसलिए ऑफिस का काम वहीं निपटाइए और 7-8 घंटे की नींद के बाद सुबह व्यायाम कीजिए। इन सबसे भी आपका तनाव दूर न हो रहा हो तो चिकित्सक की सलाह लें।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें