गुरुवार, 7 नवंबर 2013

खूबसूरत त्वचा के लिए सेहतमंद भोजन जरूरी...

खूबसूरत दिखने की चाहत हर किसी को रहती है और इसके लिए हर कोई तमाम तरह के जतन करने से भी नहीं चूकता। मगर वैज्ञानिकों की मानें तो लाख जतन का सिर्फ एक ही उपाय है सेहतमंद भोजन। आप कितने ही क्रीम और लोशन लगाएं जब तक आपका भोजन सही नहीं है, त्वचा पर निखार नहीं आ सकता। जी हां, त्वचा की चमक बनाए रखने के लिए सबसे अच्छा तरीका है 'पौष्टिक भोजन" करना। भोजन की पौष्टिकता का असर त्वचा पर खुद-ब-खुद दिखाई देने लगता है।
त्वचा विशेषज्ञ बताते हैं कि त्वचा की नमी बनाए रखकर बढ़ती उम्र के साथ होने वाली समस्याओं जैसे झुर्रियां, बेजान त्वचा व रुखापन आदि समस्या से बचा जा सकता है और बढ़ती उम्र के साथ भी त्वचा को सुंदर चमकदार और आकर्षक बनाकर रखा जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय से भोजन कर त्वचा की चमक बनाए रखने के लिए सेहतमंद भोजन करना न छोड़ें।
'नेचर क्योर एंड योग हेल्थ सेंटर" स्वास्थ्यवर्धक पोषक तत्वों से परिपूर्ण भोजन की सलाह देते हैं। स्वास्थ्य एवं सौंदर्य के क्षेत्र में उपभोक्ता, उत्पाद और सेवाएं प्रदान करने वाली एक कंपनी के त्वचा विशेषज्ञ त्वचा की चमक बनाए रखने के लिए निम्न टिप्स अपनाने की सलाह देते हैं-
*त्वचा को कांतिमय और पोषित बनाए रखने के लिए इसमें नमी बनाए रखना प्रतिदिन की जाने वाली शारीरिक देखभाल का एक हिस्सा होना चाहिए। साथ ही पैरों और हाथों की देखभाल को नजरअंदाज बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
*जवां और बेदाग रूप के लिए हफ्ते में कम से कम दो बार शरीर की मृत त्वचा को निकालना आवश्यक होता है। इसके लिए घर पर ही स्क्रब किया जा सकता है। लेकिन स्क्रब बनाने के लिए प्राकृतिक चीजों को वरीयता मिलना चाहिए। इसे बनाने के लिए जई, शहद और चीनी के दानों को मिलाकर लेप बनाकर लगाया जा सकता है।
*दिन के आहार में ताजे फल, नारियल पानी और बादाम, अखरोट, अंजीर जैसे संतुलित आहार की परिपूर्णता होना चाहिए। साथ ही अन्य सेहतमंद आहार का सेवन भी करना चाहिए। भोजन समय पर करना भर काफी मायने रखता है।
*त्वचा को नमी देने के लिए घर में बनाए गए लेप लगाएं। जैसे पपीते के गूदे और शहद को बराबर मात्रा में मिलाकर इस लेप की चेहरे पर 15 मिनट मसाज करें, इसके बाद ठंडे पानी से धो लें।
*संतरे के छिलके आप यूं ही फैंक देते होंगे। इस बार इन्हें फैंकि ए मत और सूखा कर इन्हें मिक्सर में दरदरा पीस लीजिए। यह पावडर पानी में भिगो कर उबटन की तरह इस्तेमाल करें तो त्वचा कोमल और चमकदार हो जाती है।
*रुखी त्वचा वालों को दही उबटन की तरह पूरे शरीर पर मल कर कुछ देर बाद गुनगुने जल से ाान करना चाहिए। इससे त्वचा चिकनी और चमकदार हो जाती है। *नियमित रूप से अलसी पावडर एक चम्मच और दही का भोजन के साथ सेवन भी त्वचा को मुलायम और चमकदार बनाता है।
ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं
पौष्टिक आहार लेने से विटामिन, मिनरल्स मिलते हैं, जो एजिंग संबंधित त्वचा समस्याओं से निपटने में मददगार होते हैं। साथ ही बैलेंस डाइट के साथ भरपूर नींद लेना और धूम्रपान से बचना भी जरूरी है। इन सबके साथ दिन में अधिक से अधिक पानी भी पीना अतिआवश्यक है क्योंकि पानी भी त्वचा के लिए एक औषधि के समान है। यह न केवल त्वचा को तरोताजा रखता है बल्कि त्वचा को अद्भुत चमक भी प्रदान करता है।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें