रविवार, 1 दिसंबर 2013

कपूर का तेल बालों को देगा नई चमक

अगर आप बाल झड़ने से परेशान हैं और इसके लिए पार्लर से लेकर दवा तक पर खर्च कर चुके हैं तो घर में ही कपूर का तेल बनाएं। यह न सिर्फ सस्ता और सुलभ उपाय है बल्कि डैंड्रफ से लेकर बाल झड़ने तक, आपके बालों की कई परेशानियों को कम करने में मददगार हो सकता है। यह आपके बालों की चमक को भी बरकरार रखेगा।
 क्यों है फायदेमंद 
कपूर के तेल की मसाज न सिर्फ रक्त संचार को बढ़ाती है बल्कि इसका अरोमा (गंध) स्ट्रेस से भी राहत दिलाता है। इसमें मौजूद एंटीसेप्टिक तत्व डैंड्रफ दूर करने में भी मददगार है।
 कैसे बनाएं
कपूर का तेल बनाना बहुत आसान है। वैसे तो यह बाजार में कैंफर ऑयल के नाम से बिकता ही है, लेकिन आप घर पर ही इसे तैयार करना चाहते हैं तो नारियल तेल में कपूर के टुकड़े डालकर एक एयर टाइट डिब्बे में बंद कर दें। इससे कपूर का अरोमा खत्म नहीं होगा और आप जब चाहें इसे लगा सकते हैं।
 कैसे करें इस्तेमाल
कपूर के तेल को बालों की जड़ों में लगाएं और 15 से 20 मिनट तक सिर की हल्की मसाज करें। फिर पांच मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद आप बालों पर स्टीम दें या फिर गुनगुने पानी में तौलिया भिगोकर बालों पर पांच मिनट के लिए बांधें और बालों पर शैंपू करें।
 ध्यान रहे 
हो सकता है कि आपकी त्वचा कपूर के लिए एलर्जिक हो, ऐसी स्थिति में पहले त्वचा पर एक पैच टेस्ट करें और उसके बाद ही बालों पर लगाएं। यदि यह आपको सूट कर जाता है तो फिर किसी भी बात का डर ही नहीं।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें