रविवार, 1 दिसंबर 2013

आधुनिक लाइफस्टाइल बना रही अस्वस्थ

बदलती लाइफस्टाइल का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है और उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हाल ही एक शोध में यह बात सामने आई है कि आजकल के बच्चों से ज्यादा स्वस्थ उनके माता-पिता हैं।
'ग्लोबल फिटनेस" द्वारा कराए एक शोध में यह पता लगा है कि बच्चों में तंदुरूस्ती का स्तर गिर रहा है। इस रिपोर्ट को अमेरिकी हार्ट एसोसिएशन की सालाना बैठक में पेश किया जाएगा।
46 साल के आंकड़े जुटाए
इसके लिए अध्ययनकर्ताओं ने 46 साल के आंकड़े जुटाए। इस अध्ययन में 28 देशों के लगभग ढाई करोड़ से अधिक लोगों को शामिल किया गया। अध्ययनकर्ताओं ने बताया कि आज बच्चे 30 साल पहले के अपने माता-पिता के मुकाबले एक मील की दूरी 90 सेकंड्स की देरी से तय करते हैं। इसके नतीजों से यह पता चला है कि प्रत्येक दशक में बच्चों में यह क्षमता करीब 5 प्रतिशत की दर से घट रही है। यह गिरावट 9 से 17 साल की उम्र तक के सभी लड़के-लड़कियों में देखी गई। इसके लिए मोटापे को जिम्मेदार माना गया और कुछ देशों में इसकी स्थिति बहुत खराब है। टॉमकिंसन यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ ऑस्ट्रेलिया के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज् के डॉ.ग्राट टॉमकिंसन ने इस पर शोध किया। उन्होंने बताया कि वास्तव में करीब 30 से 60 प्रश तक गिरावट सीधे पेट की चर्बी से जुड़ी है। डॉ.टॉमकिंसन का कहना है कि अगर कोई युवा व्यक्ति आमतौर पर अस्वस्थ है तो इसकी आशंका रहती है कि आगे चलकर वह हृदयरोग का शिकार हो सकते हैं।
प्रोत्साहित करें बच्चों को 
डॉ. टॉमकिंसन ने कहा कि इससे बचाव के लिए बच्चों को अधिक शारीरिक परिश्रम और व्यायाम करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करने की जरूरत है। स्वस्थ रहने के लिए बच्चों और युवाओं को दिन में कम से कम एक घंटे दौड़ने या साइकल चलाने जैसी शारीरिक गतिविधियां जरूर करना चाहिए।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें