अक्सर देखा गया है कि वजन बढ़ जाने पर हर किसी के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई देने लगती हैं और फिर होती है मेहनत-मशक्कत, जो वजन घटाने में कारगर सिद्ध हो। मगर सफलता बहुत कम ही लोगों के हाथों में लगती है। इसलिए यदि आप भी वजन घटाना चाहते हैं लेकिन चाहकर भी आप एक्सराइज के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं तो अब चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। क्योंकि एक नए शोध में वैज्ञानिकों ने वजन घटाने के लिए बेहद आसान उपाय खोज निकाला है।जी हां, ब्रिटिश शोध के अनुसार एक घंटे तक खड़े रहने से आप 40 कैलोरी बर्न कर सकते हैं, जो आपको स्लीम और फिट रखने में मददगार सिद्ध हो सकती है।
एक सप्ताह तक प्रयोग
यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर के शोधकर्ताओं ने अपने शोध के दौरान प्रतिभागियों को एक सप्ताह में तीन घंटे प्रतिदिन खड़ा रखने के बाद उनकी कैलोरी का निरीक्षण किया और बेहद सकारात्मक परिणाम पाए।
कैसे होता है वजन कम
शोधकर्ताओं ने पाया कि खड़े रहने पर दिल की धड़कनें बढ़ जाती हैं और प्रति मिनट 0.7 कैलोरी कम होती है। शोध के दौरान प्रतिदिन तीन घंटे खड़े रहने वाले प्रतिभागियों ने 630 कैलोरी कम की है। यदि आप यह सोच रहे हैं कि इतनी देर तक खड़े रहने का टाइम किसके पास है तो इस शोध में उसके लिए भी आसान उपाय बताए गए हैं।
रूटीन करें थोड़ा चेंज
शोधकर्ताओं का मानना है कि अपने रूटीन में अगर हम बैठकर करने वाले कामों को खड़े होकर करें, जैसे बस में जरूरतमंद को सीट दें और खुद थोड़ी देर खड़े रहें, फोन पर खड़े होकर बात करें या फिर टीवी पर कार्यक्रम कुछ देर खड़े होकर देखें। अब अगर आप भी वजन घटाने की चाह रखते हैं तो कुर्सी पर बैठे रहने का आलस तो आपको छोड़ना ही पड़ेगा। नहीं तो कुर्सी पर बैठने का फेविकोल का जोड़ आपको मोटा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें