रविवार, 10 नवंबर 2013

दो भाषाएं जानने से नहीं होता डिमेंशिया

करियर में बेहतर अपॉर्च्यूनिटी के लिए भाषायी ज्ञान का होना अति आवश्यक है। हाल ही में हुए एक नए शोध में बताया गया है कि दो भाषाओं की जानकारी होने से व्यक्ति को दिमागी बीमारी होने की आशंका कम रहती है। इस अध्ययन के मुताबिक दो भाषाएं बोलने वाले लोगों पर भूलने की बीमारी होने की आशंका कम रहती है। ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबरा और हैदराबाद के निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज् के वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से इस पर अध्ययन किया। इसके लिए उन्होंने दिमागी बीमारी या डिमेंशिया से ग्रस्त 600 से ज्यादा लोगों को चुना।
यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबरा के टॉमस बाक के साथ सुवर्णा और उनके सहयोगियों ने जब रोगियों का अध्ययन किया तो पाया कि उनमें से दो भाषाएं बोलने वालों को डिमेंशिया की बीमारी चार से पांच साल बाद असर करती हैं जबकि एक भाषी लोगों पर इस बीमारी का असर पहले ही दिखता है।
निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज हैदराबाद की न्यूरोसाइंटिस्ट डॉ. सुवर्णा अल्लादि ने बताया कि 'भाषायी आधार पर इसका पहला अध्ययन कनाडा के टोरंटो शहर में हुआ, जहां ढेर सारे द्विभाषी लोग रहते हैं और जो आसपास के देशों से वहां आए हैं और अपनी मातृभाषा के अलावा फ्रेंच या अंग्रेजी बोलते हैं। दूसरा अध्ययन हैदराबाद में हुआ जहां पर लोग द्विभाषी हैं"।
दिमागी कसरत होती है बेहतर 
शोधकर्ताओं का मानना है कि द्विभाषी लोग एक भाषा से दूसरी भाषा में सोचने और बोलने का काम आसानी से कर पाते हैं और इससे उनके दिमाग की अच्छी कसरत भी हो जाती है। यही उन्हें भूलने की बीमारी से लंबे समय तक बचाकर रखती है। यह अध्ययन अमेरिकन एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी की मेडिकल पत्रिका 'न्यूरोलॉजी" में प्रकाशित हुआ।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें