रविवार, 10 नवंबर 2013

दिल के पास जमा फैट हो सकता है हानिकारक

किडनी की बीमारी वाले मरीजों में मौत का कितना जोखिम है इस बात का पता आसानी से दिल के आसपास जमा फैट के सीटी स्कैन से लगाया जा सकता है। इस बात का खुलासा एक शोध से हुआ है। समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ" के अनुसार 'नेफ्रोलॉजी डायलिसिस ट्रांसप्लांटेशन" पत्रिका में प्रकाशित यह अध्ययन कनाडा, वेनेजुएला, इटली और अमेरिका के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया है। कनाडा के एडमोंटन स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ एल्बेटा के एक शोधकर्ता पाओलो रग्गी ने कहा कि हम जानना चाहते थे कि दिल में इस तरह का फैट किडनी की बीमारी वाले मरीजों में कोई खतरा तो पैदा नहीं करता है, लेकिन यह जोखिम का एक बेहद स्पष्ट संकेत था। उन्होंने कहा कि दिल के करीब इस फैट की अधिकता के चलते मरीजों की मृत्युदर अधिक थी। किडनी की बीमारी से पीड़ित 109 अमेरिकी मरीजों के सिटी स्कैन के अध्ययन के पश्चात शोधकर्ताओं ने पाया कि प्रत्येक मरीज के दिल में फैट की मात्रा में प्रति 10 घन सेंटीमीटर की वृद्धि मृत्यु का खतरा छह प्रतिशत तक बढ़ा देती है। अध्ययन से यह बात भी सामने आई है कि दिल के आसपास जमा चर्बी भविष्य में धमनियों में कैल्शियम और कोलेस्ट्रॉल के उच्च स्तर को भी बढ़ा सकती है।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें