गुरुवार, 28 नवंबर 2013

खुश रहना हो तो इन गलतियों से बचिए

जीवन में खुशी की तलाश भला किसे नहीं होती है? लेकिन खुशहाल जीवन के लिए जरूरी है कि आपका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य भी आपका साथ दे और हर दिन आपके लिए ताजगी से भरपूर हो।
चाहे परिवार हो, आपकी सेहत हो या फिर आपका करिअर, खुशहाल जीवन की चाह रखते हैं तो इन पांच गलतियों  से हमेशा बचें।
रिश्तों के प्रति लापरवाही
आप तनाव मुक्त रहें और हमेशा सुरक्षित महसूस करें, इसके लिए जरूरी है कि आप अपने हर रिश्ते में सुरक्षित महसूस करें। कई शोधों में प्रमाणित हो चुका है कि जो लोग सामाजिक जीवन में समय देते हैं उनमें कैंसर से मृत्यु का खतरा कम होता है। एक अन्य शोध में 6000 लोगों पर किए गए अध्ययन में पाया गया कि शादीशुदा लोगों का जीवनकाल अविवाहित लोगों की अपेक्षा अधिक होता है।
कुर्सी का लालच
यहां किसी नेता की कुर्सी की बात नहीं है बल्कि दिनभर बैठकर काम करने के बाद भी घर पर घंटों बैठने और देर तक टीवी देखने या काम करने की आपकी आदत, आपकी सेहत और खुशहाल जीवन पर ब्रेक लगा सकती है। 'न्यूयॉर्क टाइम्स" में प्रकाशित शोध की मानें तो घंटों तक बैठकर टीवी देखने वाले लोगों को कार्डियोवास्कुलर रोग और अवसाद का खतरा अधिक होता है। इस शोध के दौरान 2,40,000 प्रतिभागियों पर अध्ययन के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया है।
बहुत अधिक तनाव
छोटी-छोटी बातों पर अधिक तनाव लेने की आपकी आदत सबकुछ अच्छा होते हुए भी आपके लिए नकारात्मक माहौल बना देती है। ऐसे में अधिक तनाव न लें। हो सके तो योग को अपने रूटीन में जरा-सी जगह दें, जिससे आप तनावमुक्त रह सकें।
इसके अलावा आप अपनी रूचि के अनुसार कई ऐसे शगल पूरे कर सकते हैं जो तनाव भरे माहौल में आपके लिए ऑक्सीजन की तरह हो सकते हैं।
अपनी क्षमताओं पर करें भरोसा
दूसरों से तुलना कर अगर आप अपनी रचनात्मकता क्षमताओं को छोटा मानते हैं तो सबकुछ होते हुए भी मन में निराशा बरकरार रहती है। हॉर्वर्ड पब्लिक स्कूल के शोध में पाया गया है कि अवसाद और तनाव को दूर करने के लिए रचनात्मक कार्य काफी मददगार हो सकते हैं।
दिन भर घर में रहते हैं
कामकाजी हैं तो आपका सामाजिक दायरा बड़ा है और रुटीन में एक बदलाव हमेशा बना रहता है लेकिन घर में अधिक समय बिताने वाले मसलन बुजुर्ग व घरेलू महिलाओं में अवसाद की समस्या अपेक्षाकृत अधिक होती है। जरूरी है कि आप थोड़ा बाहर निकलें जिससे न सिर्फ आप तरोताजा महसूस करेंगे बल्कि शरीर को विटामिन 'डी" भी मिलेगा, जो आपका मूड अच्छा रखने में मददगार है। 

4 टिप्‍पणियां: