सोमवार, 3 फ़रवरी 2014

हर समय 'व्हाट्सएप" पर रहना अच्छा नहीं!

मेलबोर्न (प्रे)। आज की आधुनिक दिनचर्या में सोशल नेटवर्किंग साइट्स के बिना हर व्यक्ति अपना जीवन अधूरा-सा महसूस करता है। नित नई एप्लीकेशन के चलते उसे इनमें रहने का चस्का इस कदर लग जाता है कि वह इसी ताने-बाने के बीच अपनी जिंदगी जीने लगता है। इसका सबसे ताजा उदाहरण है 'व्हाट्सएप"। आजकल जिसे देखो वही व्हाट्सएप पर लगा रहता है। केवल इतना ही नहीं गाड़ी पर चलते समय या पैदल जाने के दौरान भी ये लोग व्हाट्सएप से जुदा नहीं हो सकते। अगर आप भी इस श्रेणी में शामिल हैं तो खुद को कुछ सुधारिए...नहीं तो यह आदत कहीं न कहीं आपको नुकसान पहुंचा सकती है।
*पॉश्चर और बैलेंस में गड़बड़ी :
नए अध्ययन के अनुसार चलते समय भी लगातार मोबाइल से मैसेज भेजना न सिर्फ दुर्घटना को बुलावा देता है बल्कि यह आपके पॉश्चर और बैलेंस को भी बिगाड़ देता है। शोधकर्ताओं ने कहा कि जो लोग चलते समय मैसेज भेजते या पढ़ते हैं उनका अपने आसपास की ओर ध्यान नहीं जाता है और वे संतुलन भी नहीं बना पाते हैं।
ऑस्ट्रेलिया की क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी द्वारा किए इस अध्ययन में 26 लोगों को शामिल किया गया और उनकी गतिविधियां नोट की गईं। इसमें पाया गया कि जो लोग चलने के दौरान मोबाइल का प्रयोग कर रहे थे, उनकी चाल और पॉश्चर में काफी बदलाव देखा गया।
*इतने बेपरवाह न बनिए :
अमेरिका के वर्जीनिया में स्थित 'सेंटर फॉर वल्नरेबल रोड यूजर सेफ्टी" संस्थान के एक ताजा अध्ययन में कहा गया है कि वाहन चलाते समय युवाओं द्वारा मोबाइल पर बात करना, एसएमएस पढ़ना, खाना-पीना या साथी यात्रियों से बात करना दुर्घटना के खतरे को कई गुना बढ़ा देता है। संस्थान के चार्ली क्लॉर ने अपने अध्ययन में कहा कि नौसिखिए चालक जैसे-जैसे वाहन चलाने में सहज होते जाते हैं, जोखिम भरे दूसरे कार्यों में अधिक लिप्त पाए जाते हैं। इन नए-नए चालक प्रमाण-पत्र पाए लोगों द्वारा वाहन चलाने के अतिरिक्त दूसरे कार्यों में संलिप्तता कहीं अधिक चिंता का विषय है, क्योंकि अधिकांश दुर्घटनाओं या दुर्घटना होते-होते बचने वाली घटनाओं में सर्वाधिक समय यही कारण सामने आया है।
वर्जीनिया के परिवहन संस्थान द्वारा कराए गए अध्ययन में पाया गया कि नौसिखिया वाहन चालकों का प्रतिशत 6.4 है, लेकिन 11.4 फीसद दुर्घटनाओं में ऐसे ही चालक लिप्त पाए गए तथा पुलिस द्वारा दर्ज किए गए 14 फीसद दुर्घटना के मामलों में भी इन्हीं की संख्या शामिल है।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें