रविवार, 20 अक्टूबर 2013

बीमार हैं तो ऑफिस जाने से करें परहेज

सर्दी-जुकाम और बुखार होने पर भी काम का दबाव कई बार अधिकांश लोगों को ऑफिस जाने पर मजबूर कर देता है। लेकिन शोधकर्ताओं की मानें तो ऐसी अवस्था में उन्हें घर पर रूककर आराम करना चाहिए। बीमारी में ऑफिस जाने से सेहत और ज्यादा खराब हो सकती है। साथ ही इससे सहकर्मियों के भी संक्रमित होने का खतरा पैदा होता है।
ब्रिटेन के मशहूर माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. चार्ल्स का कहना है कि बीमारी की शुरुआती अवस्था में अक्सर लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं और वे काम पर निकल जाते हैं। लेकिन इससे स्थिति और खराब हो सकती है। ऐसा करने से शरीर को आराम करने का मौका नहीं मिलता और बीमारी बढ़ने लगती है। सहयोगियों के संपर्क में आने पर उनके भी बीमार होने की आशंका बढ़ सकती है।
काम होता है प्रभावित
यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया इरविन स्कूल ऑफ मेडिसीन की शोधकर्ता कैथरीन कमिंस के मुताबिक बीमारी की हालत में आमतौर पर लोग दवा लेकर काम करना जारी रखते हैं। इससे उन्हें बीमारी से कुछ हद तक आराम मिलता है लेकिन काम प्रभावित होता है।
घर पर रहना ज्यादा अच्छा 
दवा के असर से लोगों पर सुस्ती छाई रहती है, जिससे वे सही तरीके से अपना काम नहीं कर पाते हैं। इस वर्ष की शुरुआत में एरिजोना यूनिवर्सिटी की ओर से भी ऐसा अध्ययन हुआ था, जिससे शोधकर्ताओं ने बीमारी के दौरान घर पर ही रहने की सलाह दी थी। उन्होंने बताया कि बीमारी की हालत में जब लोग ऑफिस आते हैं तो ऑफिस की चीजों को छूते हैं, जिससे वे संक्रमित हो जाती हैं। उन चीजों पर जब स्वस्थ लोगों के हाथ लगते हैं तो उनके भी संक्रमण की गिरफ्त में आने का खतरा पैदा होता है। हालांकि,
उनका यह भी कहना है कि हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमताल कर और हाथों को अच्छी तरह से साफ रखकर इस खतरे से बचा जा सकता है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें