मंगलवार, 22 अक्टूबर 2013

कहीं हर समय तो नहीं रहती आंखों में जलन

आजकल धूल भरे वातावरण और गैजेट्स के इस्तेमाल के बीच आंखों की समस्या आम हो गई है। यदि आपकी आंखों में भी जलन और पानी आने जैसी समस्या है तो यह उनकी कमजोरी का भी लक्षण हो सकता है। इस तरह की समस्या 'ड्राई आई सिंड्रोम" के कारण भी हो सकती है।
ठंड में होती है ज्यादा परेशानी 
ड्राई आई सिंड्रोम से पीड़ित व्यक्ति के लिए जाड़ों के मौसम में परेशानी बढ़ जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार इस रोग से पीड़ित व्यक्ति की आंखों में पानी आता रहता है। इसके लिए कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं, इनमें मौसम से लेकर हार्मोन में बदलाव के साथ ही अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी शामिल हैं।
ये भी होते हैं लक्षण
किसी व्यक्ति की आंखें पर्याप्त आंसू उत्पादित न करें या किसी के आंसू जल्दी सूख जाएं तो उसे भी ड्राई आई सिंड्रोम की समस्या हो सकती है। आंखों में खुजली, धुंधला दिखाई देना और आंखों में चुभन महसूस होना भी इसके ही संकेत हैं। खुजलाने पर आंखें लाल भी हो सकती है। नेत्र विशेषज्ञों का मानना है कि उम्र बढ़ने के साथ आंखों में पानी निकलने में मददगार कुदरती तंत्र कमजोर पड़ने लगता है, जिससे आंखें सूखी पड़ जाती हैं।
हार्मोन परिवर्तन का भी असर
उम्र की अधिकता से होने वाले हार्मोन परिवर्तन भी आंखों की तरलता पर विपरीत असर डालते हैं। मगर यह चौंकाने वाली बात होती है कि ड्राई आई सिंड्रोम के रोगी की आंखें अधिक तरल दिखाई देती हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक सूखी होने के कारण आंखें जरूरी तरलता बनाए रखने के लिए अधिक आंसू स्रावित करती हैं।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें