गुरुवार, 24 अक्टूबर 2013

बिना सेहत बिगाड़े लें चटकारेदार भोजन का लुत्फ

क्या आप डाइट पर हैं और आपके दोस्त ने आपको किसी रेस्तरां में पार्टी दी है। या फिर आप इस दुविधा में हैं कि स्वाद को तरजीह दें या सेहत को।  बेशक, आपके लिए पार्टी का मतलब स्वाद होता है।
चटकारेदार भोजन होता है, लेकिन क्या सेहत को बिल्कुल ही दरकिनार कर देना चाहिए। इसका जवाब तो यही होगा- बिल्कुल नहीं।  अक्सर जब कभी भी रेस्तरां में खाने की बात आती है तो लोगों की प्राथमिकता स्वाद होती है। जुबान का जायका सेहत पर भारी पड़ सकता है। ऐसे भोजन को ही तरजीह दी जाने लगती है, जिसे चटकारे लेकर खाया जा सके। लेकिन, ऐसा नहीं है कि रेस्तेरां में जाकर आप केवल स्वाद के पीछे भागें। अगर आपकी प्राथमिकता पोषक तत्व है तो उस पर टिके रहें और उसी के हिसाब से अपने भोजन का चुनाव करें। याद रखें कि आहार योजना में एक दिन की चूक आपकी सेहत पर लंबे समय तक असर डाल सकती है। आपको चाहिए कि मेन्यू में से ऐसे आहार चुनें जो भरपूर पोषण दें और आपके वजन को भी ना बढ़ाए। जानिए रेस्तरां में भी कुछ हेल्दी फूड खाने के आसान टिप्स
पोषण की जानकारी
रेस्तरां में कुछ भी मंगाने से पहले उसके न्यूट्रीशन के बारे में जानकारी लेना ना भूलें। आप जो भी खाना ऑर्डर कर रहे हैं, वह आपकी सेहत पर क्या प्रभाव डालेगा, इस बारे में जानना जरूरी है। रेस्तरां में खाया एक दिन का खाना आपके फिटनेस कार्यक्रम को ना बिगाड़ दे, इसके लिए ऑर्डर से पहले खाने में कितनी कैलोरी है इसके बारे में पता लगा लें। ऑर्डर करते समय ध्यान रखें कि खाने में पोषण ज्यादा व कैलोरी कम होना चाहिए।
पहले से सोच लें
ज्यादातर फास्ट फूड की विस्तृत जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध रहती है। आप चाहें तो बाहर खाने जाने से पहले भोजन में मौजूद कैलोरी के बारे में  ऑनलाइन पता कर सकते हैं। इससे आप खाने की पौष्टिकता के बारे में भी पता कर सकते हैं।
* सामग्री की जानकारी :
मंगाए गए खाने में कौन-कौन सी सामग्री मिली हुई है या कौन-सी चीज कितनी मात्रा में है- यह जानना जरूरी है। खाने में फैट की मात्रा आपकी सेहत को बिगाड़ सकती है, इसलिए फैट की जानकारी अवश्य लें। अत्यधिक फैट हृदय रोग का कारण बन सकता है। इसलिए मंगाए गए खाने के बारे में किसी भी तरह की जांच करते वक्त संकोच ना करें। अगर खाने में ट्रांस फैट अधिक हो तो ऐसे खाने से परहेज करना चाहिए क्योंकि आपके लिए नुकसानदेह हो सकता है।
स्टीम भोजन लें 
यदि हो सके तो तले हुए भोजन की जगह भाप में पकाई हुई डिशेज् खाएं। यह स्वास्थ्य के लिहाज से आपके लिए बेहतर होंगी। आजकल इटैलियन फूड काफी लोकप्रिय है। पास्ता जैसी चीजें भी बच्चों में लोकप्रिय हैं जबकि होटल में मिलने वाला पास्ता फैटी चीजों से बना होता है।
 विकल्प है बहुत
बाहर खाने वाले अक्सर चटपटा और तैलीय भोजन खाना पसंद करते हैं, जबकि यह उनके स्वास्थ्य के नजरिए से हानिकारक है। बाहर जाकर छोले-भटूरे, गुलाब जामुन आदि का ऑर्डर करने की बजाय सेंडविच के संग सलाद ऑर्डर करना ज्यादा फायदेमंद साबित होगा। टमाटर, खीरा, हरी मिर्च आदि ये सब पौष्टिक तत्वों से भरपूर होते हैं।
चाइनीज से बचें 
देश में चाइनीज भोजन बहुत पसंद किया जाता है लेकिन इससे बचना चाहिए। ऐसी सभी डिशेज् से बचना ही बेहतर होगा जो सॉस के साथ खाई जाती हैं। बेहतर यही होगा कि किसी रेस्तरां में खाने से पहले यह जानकारी लें कि कम कैलोरी वाली कौन-कौन सी चीजें वहां उपलब्ध हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें